Haryana Weather: हरियाणा के सभी जिले कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। वहीं पूरा उत्तर भारत भी कड़ाके की ठंड और शीतलहर की मार झेल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार हिसार के बालसमंद का पारा सीजन में अब तक का सबसे कम 0.4 डिग्री व महेंद्रगढ़ का एक डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राज्य के सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 0.4 से 5.5 डिग्री के बीच ही रहा।

प्रदेश के अधिकतर शहरों में कोहरा फिर से देखने को मिला है। शुक्रवार को कई जगह अति घना कोहरा दर्ज किया गया। इस कारण हिसार, भिवानी और सिरसा में दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही। आठ जिले ‘सीवियर कोल्ड डे’ की चपेट में रहे। महेंद्रगढ़, हिसार, रेवाड़ी में पाला भी पड़ा है। यहां फसलों पर सुबह बर्फ जमी नजर आई। प्रदेश में पूरे दिन शीतलहर चलती रही।

मौसम विभाग द्वारा मिली जानकरी के मुताबिक आठ शहरों में घने कोहरे और सीवियर कोल्ड डे का रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात व पलवल शहर शामिल हैं। बाकी शहरों में ऑरेज अलर्ट है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि अगले 4-5 दिन तक कड़ाके की ठंड के आसार हैं। न्यूनतम तापमान में भी अगले चार दिन बदलाव की कोई संभावना नहीं है। उसके बाद कुछ राहत मिल सकती है।

कुछ शहरों में तापमान बढ़ने से राहत

राज्य के कुछ शहरों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। फरीदाबाद में 21.5, रेवाड़ी में 21 और गुरुग्राम में 18 डिग्री दर्ज किया गया। इससे यहां के लोगों को दिन में ठंड से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग ने बताया है कि शनिवार से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है लेकिन यह भी कमजोर है। इसका मैदानी इलाकों में ज्यादा असर देखने को नहीं मिलेगा। इससे हिमाचल, उत्तराखंड और कश्मीर की ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी हो सकती है