अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर हरियाणा के पानीपत शहर में 21 जनवरी को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा शहर की सामाजिक और धार्मिक संगठनों के सहयोग से निकाली जाएगी। यात्रा जीटी रोड स्काईलार्क से शुरू होकर गुरुद्वारा बाबा जोध सचियार तक करीब 2.5 किलोमीटर की होगी।
शोभायात्रा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल और भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि होंगे। पूरी सड़क पर रेड कारपेट बिछाने या फिर इसी तरह का रंग किया जाएगा। इसके साथ एलिवेटेड हाईवे पर रामायण कथा लिखी जाएगी।
शोभायात्रा के दौरान जीटी रोड की करनाल-दिल्ली लेन को बंद रखा जाएगा। वाहनों को एलिवेटेड हाईवे से डायवर्ट किया जाएगा।
शोभायात्रा में श्रीराम मंदिर का छोटा स्वरूप दर्शनों के लिए लाया जाएगा। इसको लोग अपने हाथों से खींंचेंगे। एलिवेटेड हाईवे से यात्रा पर पुष्प वर्षा की जाएगी। इसमें पानी, चाय, पुष्प वर्षा और अन्य सेवा भी संस्थाओं ने ली हैं। पुल के नीचे जगह-जगह छोटे-छोटे मंच बनाए जाएंगे। जिनमें कीर्तन, भजन और धार्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रम चलेंगे।
शोभायात्रा के आयोजन को लेकर सोमवार को जिला सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में बैठक हुई। बैठक में उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया, सांसद संजय भाटिया, राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार, पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज, भाजपा की प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता और जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट मौजूद थे।
उपायुक्त ने कहा कि शोभायात्रा के आयोजन में जिला प्रशासन का हर संभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
सांसद संजय भाटिया ने कहा कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा एक ऐतिहासिक घटना है। इस अवसर पर पानीपत में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा राम मंदिर के निर्माण के लिए लोगों के उत्साह का प्रतीक होगी।