Haryana Crime: हरियाणा के करनाल जिले से दुष्कर्म का एक शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल के आइसीयू में भर्ती महिला के साथ कर्मचारी ने तीन दिन तक दुष्कर्म किया। आरोप है कि अस्पताल कर्मचारी तीन दिन तक महिला के साथ दुष्कर्म करता रहा। इस दौरान महिला के परिजनों को भी आइसीयू में नहीं जाने दिया।
अस्पताल से छुट्टी होने के बाद जब पीड़ित महिला को दोबारा चेकअप के लिए अस्पताल ले जाने लगे तो महिला ने इंकार कर दिया। इस दौरान महिला ने अपने परिवार वालों को आपबीती बताई। स्वजन मामले को लेकर सिविल लाइन थाना पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस ने अस्पताल कर्मचारी के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू की है।
नीलोखेड़ी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला को अत्याधिक पेट दर्द होने के बाद 28 दिसंबर को सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उसे आइसीयू में भर्ती किया। महिला के स्वास्थ्य में आराम लगने पर उसे तीन जनवरी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसके बाद महिला को अपना चेकअप कराने आना था। स्वजन ने महिला को अस्पताल जाने के लिए कहा तो वह टाल-मटोल करने लगी।
जब परिजनों ने दबाव बनाकर महिला से परेशानी पूछी तो महिला ने आपबीती बता दी। महिला ने बताया कि आइसीयू में भर्ती रहने के दौरान अस्पताल के एक कर्मचारी ने उसके साथ तीन दिन तक दुष्कर्म किया। आइसीयू में किसी स्वजन को प्रवेश नहीं दिया गया, इस कारण वह किसी को कुछ बता नहीं पाई। अब स्वजन महिला को लेकर सिविल लाइन थाने पहुंचे और शिकायत दी।
पुलिस ने अस्पताल कर्मचारी के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज किया है। शिकायत पर दर्ज किया गया केससिविल लाइन थाना प्रभारी एसएचओ विष्णु मित्र ने बताया कि गांधी अस्पताल के कर्मचारी द्वारा आइसीयू में भर्ती महिला के साथ दुष्कर्म करने की शिकायत मिली है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि आरोपित कर्मचारी शुरुआत में छेड़छाड़ करता रहा। आरोपित ने कहा कि किसी को इस बारे में बताया तो जहर का इंजेक्शन देकर तेरी जीवन लीला समाप्त कर दूंगा। महिला ने बताया कि उसके चिल्लाने पर आरोपित के सहयोगी उसका मुंह बंद कर देते थे। महिला का आरोप है कि आरोपित पहले भी अन्य महिलाओं के साथ गलत काम करते रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।