Haryana Weather Alert: उत्तर भारत के कई जिलों में अगले कुछ घंटों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग ने मलेरकोटला, संगरूर, पटियाला, चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल, कैथल, जींद, पानीपत, शामली, सहारनपुर, मुज़फ्फरनगर, बिजनौर, बागपत और मेरठ जिलों में आंधी और गरज के साथ बिखरी हुई हल्की बारिश की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में लू का दौर अभी भी जारी रहने की आशंका है। इस कारण से इन क्षेत्रों में गर्मी से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के लिए भी मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, 5 जून से 7 जून तक दिल्ली में गरज-चमक और आंधी के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है। इससे लोगों को चिलचिलाती गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

पिछले 24 घंटों के दौरान देश भर में हुई मौसमी हलचल

पिछले 24 घंटों के दौरान, पश्चिम असम, सिक्किम, गोवा, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश और उत्तरी तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई।

पूर्वोत्तर भारत, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश हुई। झारखंड, बिहार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा, कोंकण और गोवा, कर्नाटक, दक्षिण तमिलनाडु, लक्षद्वीप और जम्मू कश्मीर में हल्की बारिश हुई।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी राजस्थान और उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में लू की स्थिति रही।

अगले 24 घंटों के दौरान मौसम की संभावित गतिविधि

अगले 24 घंटे के दौरान उत्तरी तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तटीय आंध्र प्रदेश और असम के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है।

लक्षद्वीप, दक्षिण ओडिशा, तेलंगाना, तमिलनाडु, मराठवाड़ा, पूर्वोत्तर भारत, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। उत्तरपूर्वी बिहार, दक्षिण छत्तीसगढ़, दक्षिण मध्य प्रदेश और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में हल्की बारिश संभव है।

पंजाब, हरियाणा, उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में गरज के साथ छींटे, धूल भरी आंधी और छिटपुट बारिश संभव है। पूर्वी मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और ओडिशा के अलग-अलग इलाकों में लू की स्थिति संभव है।