Haryana Weather Update : हरियाणा के लगभग सभी जिलों में मौसम ने करवट बदल ली है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की वजह राज्य के कई जिलों में भारी बारिश के साथ ओले गिरे। लेकिन प्रदेश में ओलावृष्टि और बारिश ने हवा साफ कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार बीते दिन राज्य के करनाल और अंबाला की हवा सबसे साफ रही।

रिपोर्ट के अनुसार करनाल का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 48 तो अंबाला 49 पहुंच गया। इनके अलावा 11 जिलों में एक्यूआइ 100 से नीचे रहा। मौसम साफ होने की वजह रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बारिश के चलते शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण दृश्यता पांच मीटर तक रही।

शनिवार से नए पश्चिमी विक्षोभ की अफगानिस्तान और पाकिस्तान से आने वाली हवाएं उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बारिश करती हुई पहाड़ी की तरफ जाएंगी। इस पश्चिमी विक्षोभ के चलते पांच फरवरी तक मौसम बदला हुआ रहेगा।

इन 9 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, हरियाणा के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के 9 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जिसमें महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी शामिल हैं। वहीं, कल पूरे हरियाणा में जोरदार बारिश होने की संभावना है।