हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र का तीसरा और अंतिम दिन आज है। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी। सदन में आज राज्यगीत चयन करने के सरकारी प्रस्ताव पर चर्चा होगी। इसके अलावा जींद जिले में राजकीय विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा यौन उत्पीड़न करने का मसला भी सदन में गूंजेगा।
सत्र की शुरुआत आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा योगासन सत्र के साथ हुई। इस सत्र में कुशल नेतृत्व और तनावमुक्त जीवन के बारे में भी गुर सिखाए गए।
सत्र में विधायकों ने कई मुद्दों को उठाया। कैथल विधायक लीलाराम गुर्जर ने कैथल में जाम और पार्किंग की समस्या पर सवाल उठाया। स्थानीय निकाय मंत्री कमल गुप्ता ने इस पर जवाब देते हुए कहा कि कैथल परिषद के ट्रांजैक्शन सलाहकार की नियुक्ति जल्द की जाएगी।
बरौदा विधायक इंदुराज नरवाल ने जल भराव की समस्या पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि सदन में सिर्फ आश्वासन न दिए जाएं, बल्कि काम भी किए जाएं। पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली ने इस पर जवाब देते हुए कहा कि जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।
पृथला विधायक नयन पाल रावत ने सरपंचों के लिए टेंडरिंग की सीमा 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख करने की मांग की। पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली ने कहा कि पंचायतों को काम करने के लिए कई सुविधाएं दी गई हैं।
कांग्रेस विधायक जगबीर मालिक ने गृह मंत्री अनिल विज से राज्य में भ्रष्टाचार को लेकर सवाल पूछा। इस पर जवाब देते हुए विज ने कहा कि हरियाणा में वर्ष 2015 से अब तक भ्रष्टाचार के कुल 1140 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें 396 केस हरियाणा पुलिस और शेष मामले भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा दर्ज किए गए। इसके अलावा कुल 261 मामलों में 47.5 प्रतिशत के दोषसिद्धि अनुपात के साथ 124 को दोषी ठहराया गया।
बताया जा रहा है कि आज सदन में राज्यगीत चयन करने के सरकारी प्रस्ताव पर चर्चा के बाद मतदान भी हो सकता है। अगर प्रस्ताव पारित हो जाता है, तो हरियाणा को अपना राज्य गीत मिल जाएगा।