Lakhpati Didi Mahasammelan: हरियाणा में करनाल की नई अनाज मंडी में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर राज्य स्तरीय लखपति दीदी महासम्मेलन आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में CM मनोहर लाल मुख्य अतिथि पहुंचे हैं। यहां पश्चिमी बंगाल के संदेशखाली से लेकर प्रधानमंत्री के संबोधन को बड़ी स्क्रीन पर दिखाया व सुनाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान करनाल लोकसभा क्षेत्र से महिलाओं को सम्मानित किया गया।

अतिरिक्त उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि मुख्य मंच पर 30 गुणा 12 फुट आकार की स्क्रीन लगाई गई है। जिससे लोग प्रधानमंत्री का सीधा संबोधन सुन सकें। दोनों ओर तीन-तीन छोटी स्क्रीन अलग से लगाई गई हैं। यहां दोनों ओर प्रदर्शनी लगाई गई है, जिसमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार वस्तुए प्रदर्शित की गई है। स्थल के दोनों तरफ दस-दस स्टाल लगाए गए हैं।

इस दौरान CM मनोहर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन बहुत सौभाग्यशाली है। पीएम ने बहनों के लिए योजनाएं बनाई है कि उन्हें किस तरह लखपति बनाया जाए। कहा कि दो करोड़ बहनों के लिए 132 स्थानों पर कार्यक्रम का आयोजन किया है। उन्होंने बताया कि हरियाणा से इस योजना में तीन लाख महिलाएं शामिल है। योजना के तहत पांच हजार बहनों को ड्रोन की ट्रेनिंग दी जाएगी। वहीं, बताया कि 102 महिलाओं को ट्रेनिंग देकर विभागों में काम दिलवाया गया है।

सीएम ने कहा कि हम महिलाओं को चूल्हे से तकनीक तक लेकर गए हैं। कहा कि मातृ शक्ति जब लखपति बनती है तो इसमें परिवार भी साझीदार होता है। जो महिलाओं में बहादुरी का प्रतीक है। महिला परिवार की धुरी है वह तीन पीढ़ियों को सुधारती है। पीएम का लक्ष्य है कि महिलाओं का कौशल विकास करके उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

हरियाणा में 500 स्वयं सहायता ग्रुप बने हैं, प्रदेश में जो विभिन्न उत्पाद बनाती है। उनके उत्पाद बेचने के लिए हर कस्बे में साझा बाजार बनाएंगे। करनाल में इसकी शुरुआत कर दी है। दूसरा फतेहाबाद में तैयार है। ड्रोन से यूरिया और दवा का छिड़काव करने के लिए महिलाएं काम करेंगी। अब पुराना तरीका बदलने का समय आ गया है।