रोहतक। हरियाणा के रोहतक से कांग्रेस के पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा ने शनिवार को कांग्रेस पार्टी छोड़ दी। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को ई-मेल से पत्र भेजकर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र भेज दिया।

12 फरवरी को कृष्ण मूर्ति हुड्डा भाजपा में शामिल होंगे। इस अवसर पर भाजपा के संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी व पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर भी मौजूद रहेंगे।

कृष्णमूर्ति हुड्डा ने बताया कि उनके समर्थक सेक्टर छह में राजीव गांधी स्टेडियम के मुख्य द्वार पर एकत्रित होंगे। वहां से जुलूस के तौर पर भाजपा के नए प्रदेश कार्यालय में जाकर वे भाजपा में शामिल होंगे।

हुड्डा भजनलाल सरकार में मंत्री रहे हैं

पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा भजनलाल सरकार में 1982 से 1986 तक चेयरमैन रहे हैं। जबकि 1991 से 1996 तक श्रममंत्री रहे। हालांकि 1996 में वे किलोई हलके से उनको श्रीकृष्ण हुड्डा ने हरा दिया। लंबे समय से वे कांग्रेस में उपेक्षा झेल रहे थे।

हुड्डा ने कहा, “मैंने कांग्रेस पार्टी छोड़ दी है, अब मैं भाजपा में शामिल हो रहा हूं। मुझे विश्वास है कि भाजपा के नेतृत्व में ही देश का विकास हो सकता है।”

हुड्डा के भाजपा में शामिल होने से प्रदेश की राजनीति में हलचल मच गई है। माना जा रहा है कि उनके जाने से कांग्रेस को बड़ा झटका लगेगा।