सिरसा में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया

हरियाणा के सिरसा में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव हिसार रोड स्थित होटल के कमरे में मिला। मृतक की पहचान गांव मोरीवाला के रहने वाले युवक संगीत के तौर पर हुई है। उसे एक लड़की ने फोन करके होटल में बुलाया था। संगीत के भाई प्रवीण का कहना है कि उसके भाई ने फांसी नहीं लगाई, उसका मर्डर किया गया है।

प्रवीण ने बताया कि शनिवार दोपहर को संगीत के पास एक लड़की का फोन आया था। लड़की ने कहा था कि सब्जी ले आना, बैठकर खाएंगे। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। देर रात 2 बजे उन्हें फोन आया कि संगीत होटल में मरा पड़ा है।

प्रवीण ने बताया कि जब वह और उनके परिवार के सदस्य होटल पहुंचे तो संगीत का शव बेड पर पड़ा था। उसके सिर पर चोट के निशान थे। उसके नाक और कान से खून बह रहा था। सीने पर भी खरोंच थी। घरवालों से कहा गया कि संगीत ने फांसी लगाई है।

प्रवीण का कहना है कि अगर संगीत ने फांसी लगाई होती तो शव फंदे पर लटका होता। लेकिन शव बेड पर पड़ा था। उन्होंने कहा कि संगीत की हत्या उसी लड़की ने करवाई है, जिसने उसे फोन किया था। इस हत्याकांड में कई अन्य लोग भी शामिल हैं, क्योंकि उनके परिवार की कई लोगों के साथ दुश्मनी चल रही है।

खैरपुर चौकी पुलिस ने मृतक के भाई प्रवीण का बयान दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।