Haryana News : हरियाणा के यमुनानगर जिले में लेन चेंज नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पहली बार कानूनी कार्रवाई हुई है। बता दें कि पंचकूला कलानौर नेशनल हाईवे पर नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालकों पर केस दर्ज हुआ है। इससे पहले ऐसे वाहन चालकों के केवल चालान किए जा रहे थे।

प्रदेश में दुर्घटनाओं के लगातार बढ़ते हुए मामले को देखते हुए आईजी ने यातायात एवं हाईवे की ओर से लेन चेंज नियम का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। इस नियम के तहत भारी वाहन चालकों को बाईं लेन में चलना होता है।

यमुनानगर थाने में मामला दर्ज

ईएसआई रमेश कुमार व एपीओ सुरेश पाल कर्मचारियों के साथ पंचकूला कलानौर नेशनल हाईवे पर एमटी करेहड़ा खुर्द के पास चेकिंग कर रहे थे।

तभी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की ओर से ट्रक आता दिखाई दिया। ट्रक चालक लेन नंबर एक व दो बार-बार बदल रहा था। ट्रक को बड़ी लापरवाही से जिग जैग चला रहा था, जिससे पीछे से आने वाले वाहन के टकराने का खतरा बन जाता है।

चेकिंग के दौरान ट्रक को रोका गया। उसकी मोबाइल से वीडियो भी बनाई। चालक की पहचान सहारनपुर के गांव तलहेडी निवासी शौकीन के रूप में हुई है। उसके खिलाफ सदर यमुनानगर थाना में केस दर्ज कराया गया।

जनवरी माह से अब तक 907 चालान

IG यातायात एवं हाईवे की ओर से लेन चेंज के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई के आदेश दिए हैं। 10 जनवरी को इस संबंध में पुलिस की ओर से भी जानकारी दी गई।

हालांकि केस दर्ज की कार्रवाई पहली बार ही हुई है। समय-समय पर लेन चेंज के नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान किए जाते हैं। जनवरी माह से अब तक यातायात थाना पुलिस ने लेन चेंज का उल्लंघन करने वालों के 907 चालान किए हैं।