हरियाणा में आम आदमी पार्टी (AAP) ने 2024 के लोकसभा चुनावों की तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी ने 11 फरवरी को जींद में प्रदेश स्तरीय बदलाव रैली का आयोजन किया है। इस रैली को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान संबोधित करेंगे।

रैली के लिए जींद के एकलव्य स्टेडियम में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्टेडियम में कुर्सियां बिछा दी गई हैं और करीब 20 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। रैली में पूरे हरियाणा से AAP के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के अलावा आम लोगों के पहुंचने की संभावना है।

AAP के सीनियर वॉइस प्रेजिडेंट अनुराग ढांडा ने कहा कि जींद हरियाणा का दिल है। दिल में उतर जाएंगे तो पूरे हरियाणा में छा जाएंगे। इसलिए इसी बदलाव जनसभा के माध्यम से और जींद की धरती से AAP हरियाणा में लोकसभा चुनाव का शंखनाद करेगी।

ढांडा ने कहा कि राजनीतिक रूप से जींद हरियाणा का सबसे ज्यादा एक्टिव क्षेत्र है। जींद जिले में एक लाख से ज्यादा युवा बेरोजगार हैं। वहीं जींद के लोगों ने सबको सत्ता तक पहुंचाने का काम किया है। इसके बावजूद भी जींद पिछड़ा हुआ है।

उन्होंने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर और गांधी जी कहते थे कि अगर बदलाव की शुरुआत करनी है तो सबसे पिछड़े व्यक्ति से करनी चाहिए। AAP जींद से हरियाणा के बदलाव की शुरुआत करना चाहती है। इसलिए हरियाणा के लाल अरविंद केजरीवाल दिल्ली और पंजाब के बाद हरियाणा में बदलाव की शुरुआत करने जा रहे हैं।

ढांडा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल देश के प्रधानमंत्री बनने की तरफ अग्रसर हैं, लेकिन बीजेपी उन्हें खत्म कर देना चाहती है। ईडी और सीबीआई का डर दिखा कर उन्हें और AAP को तोड़ना चाहती है, लेकिन हरियाणा की जनता अपने अरविंद केजरीवाल के साथ खड़ी है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को लेकर AAP की बदलाव जनसभा होगी। इसमें पूरे हरियाणा के हर एक गांव से लोग शामिल होंगे।