Haryana : हरियाणा के हिसार से एक बड़ी घटना सामने आई हैं। यहां के बालक गांव के रहने वाले 50 वर्षीय कृष्ण कुमार की उसके बेटे विक्की ने अपने साथी बिंटू के साथ मिलकर तेजधार हथियार और डंडों से पीटकर हत्या कर दी। मृतक कृष्ण कुमार ने शनिवार को ही पंजाब की रहने वाली मनप्रीत कौर से दूसरी शादी की थी।

इससे खफा उसके बेटे ने अपने दोस्त के साथ मिलकर अपने बाप को मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलने पर बरवाला थाना प्रभारी महेंद्र मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के भाई पवन के बयान पर विक्की और बिंटू के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। पुलिस दोनों आरोपियों विक्की और बिटू से पूछताछ कर रही है। दोनों को देर रात को पुलिस ने हिरासत में लिया था।

बालक गांव निवासी पवन कुमार ने बताया कि बड़े भाई कृष्ण की पत्नी सावित्री का करीब दस साल पहले देहांत हो गया था। वह चपरासी के पद पर कार्यरत थी। भाभी की मौत के बाद भाई कृष्ण को उसकी पेंशन मिलती थी। वह गांव में अलग रहता था। भाई कृष्ण के तीन बच्चे हैं।

बड़ा बेटा विक्की शादीशुदा है। छोटे बेटे वकील और बेटी सीमा का देहांत हो चुका है। पवन ने बताया कि भाई कृष्ण अकेला रहता था। उसने दो मार्च को ही पंजाब के फिरोजपुर जिले के गांव गांधी नगर की रहने वाली मनप्रीत कौर से दूसरी शादी की थी। इसका पता चलने पर विक्की नाराज हो गया।

इस दौरान हुआ हमला

रविवार सुबह साढ़े नौ बजे कृष्ण गांव में एक परचून की दुकान पर सामान लेने के लिए गया था। जब वह दुकान के सामने पहुंचा तो उसके बेटे विक्की ने अपने साथी बिंटू के साथ रास्ता रोक लिया।

पिता द्वारा दूसरी शादी करने की बात को लेकर झगड़ा करने लगा। इसी दौरान विक्की और बिंटू ने तेजधार हथियार और डंडों से हमला कर दिया। जख्मी हालत में कृष्ण को नागरिक अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बालक गांव में विक्की ने अपने साथी बिंटू के साथ मिलकर अपने पिता कृष्ण की तेजधार हथियार और डंडों से पीटकर हत्या कर दी। उक्त मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।