हरियाणा में कड़ाके की ठंड से राहत के कोई आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने 4 जिलों अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में घने कोहरे के साथ ही शीतलहर का रेड अलर्ट जारी किया है। अन्य 10 जिलों पंचकूला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी के लोगों को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों को एहतियात से रहने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि अगले 7 दिन तक हरियाणा में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। न्यूनतम तापमान में फिलहाल बढ़ोतरी नहीं होगी।

हरियाणा में पिछले 22 दिन से बेहद सर्द दिन दर्ज किए जा रहे हैं। पिछले 15 दिन से राज्य में घन से अतिघना कोहरा छाया हुआ है। सूबे के अधिकांश जिलों में घने कोहरे की वजह से विजिबिलिटी 25 मीटर के आसपास दर्ज की गई।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार सर्द दिन की अवधि बढ़ी है। आमतौर पर जनवरी के पहले हफ्ते तक सर्द दिन दर्ज किए जाते रहे हैं। इसकी एक वजह यह भी है कि इस समय कोहरे की मोटी चादर है। इस वजह से सर्द दिन दर्ज किए जा रहे हैं। कोहरा छंटने के बाद ही राहत मिल सकती है।

सर्दियों में उत्तर भारत के क्षेत्र में कोहरा आना एक सामान्य घटना है, क्योंकि कोहरे के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। वातावरण में तापमान कम है, हवा की गति भी काफी कम है, नमी के साथ काफी मात्रा में एरोसोल मौजूद हैं।

पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय नहीं हो पा रहे। इससे भी मौसम की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। हरियाणा में पिछले 46 दिन से सूखा पड़ा है। बीते एक दिसंबर को बारिश दर्ज की गई थी। फिलहाल अगले एक हफ्ते भी बारिश की संभावना नहीं है। हरियाणा को सर्दी के सितम से फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं।

लोगों को सलाह दी जाती है कि वे घर से बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनें। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और धुंध में वाहन चलाने से बचें।