Site icon Yuva Haryana News

बहादुरगढ़ में लूटपाट का विरोध करने पर युवक को गोली मारी, एक बदमाश गिरफ्तार

हरियाणा के बहादुरगढ़ में गुरुवार की रात एक युवक पर बदमाशों ने गोलियां बरसा दी। युवक के एक हाथ और पैर में गोली लगी है। गंभीर रूप से घायल युवक शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा फरार है।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली के जौंती निवासी महेश गुरुवार की रात अपने दोस्त अमित के साथ बहादुरगढ़ में था। रात करीब 11 बजे दोनों पारले बिस्कुट कंपनी के पास खड़े हुए थे। इसी दौरान दो बदमाश इनके पास पहुंचे और इनसे पिस्तौल के बल पर गाड़ी छीनने लगे।

महेश ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर गोलियां चला दी। महेश को दो गोलियां लगीं। इसके बाद दोनों बदमाश भागने लगे तो लोगों ने एक आरोपी को पकड़ लिया।

पुलिस ने मौके से पकड़े गए आरोपी की पहचान दिल्ली के नागल ठाकरान निवासी काला के रूप में की है। वहीं गोली मारकर भागने वाला आरोपी बख्तावपुर दिल्ली का लड्डू बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

महेश को इलाज के लिए बहादुरगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि उसकी हालत खतरे से बाहर है।

पुलिस का कहना है कि इस घटना की जांच की जा रही है। यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली लूटपाट के मकसद से मारी गई थी या किसी और वजह से।

Exit mobile version