स्वच्छ सर्वेक्षण-2023 का परिणाम 11 जनवरी, 2024 को घोषित हो गया। हरियाणा को झटका लगा है। देश भर में हरियाणा को 14वां स्थान मिला है। सर्वेक्षण में हरियाणा का ओवरऑल स्कोर 1958.01 रहा है।
स्वच्छ सर्वेक्षण में रोहतक एक बार फिर से अव्वल आया है। हालांकि पिछले वर्ष की तुलना में रैंक फिसल गई। इस बार 109 वीं रैंक है। स्वच्छ सर्वेक्षण-2023 के लिए रोहतक नगर निगम और गोहाना(सोनीपत) नगर पालिका को नई दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में अवार्ड दिया गया।
इसके अलावा सीएम सिटी करनाल और कालका को दूसरा स्थान मिली है। झज्जर के बेरी और पंचकूला को प्रदेश में तीसरी रैंक मिली है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में रोहतक और गोहाना के अधिकारियों को ओडीएफ प्लस-प्लस(खुले में शौचमुक्त) का अवार्ड दिया गया। भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति मुर्मू मुख्य अतिथि शामिल रहीं।
केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के मंत्री हरदीप सिंह पुरी और राज्य मंत्री कौशल किशोर की मौजूदगी में यह अवार्ड दिया गया। रोहतक नगर निगम की तरफ से ओडीएफ प्लस-प्लस का अवार्ड पाने के लिए नगर निगम के आयुक्त रहे जितेंद्र दहिया और सोनीपत से नगर निगम आयुक्त विक्रम कुमार मीना शामिल रहे।
वहीं, शहरी स्थानीय निकाय विभाग से सेक्रेटरी एवं आयुक्त विकास गुप्ता और निकाय विभाग के डायरेक्टर डा. यशपाल भी शामिल होने पहुंचे। निकाय विभाग ने अवार्ड के लिए तीन नोडल अधिकारी भी तैनात पहले ही कर दिए थे। जिनमें गुरुग्राम नगर-निगम के कार्यकारी अभियंता निरजेश, नगर निगम रोहतक के कार्यकारी अभियंता मनदीप धनखड़ और गोहाना नगर पालिका की कार्यकारी अधिकारी निशा शर्मा को तैनात किया गया था।