पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शोएब मलिक ने पाकिस्तानी अभिनेत्री सना जावेद से निकाह कर लिया है। यह उनकी तीसरी शादी है। इससे पहले वह भारत की ही आयशा सिद्दिकी और टेनिस स्टार सानिया मिर्जा से निकाह कर चुके हैं।

शोएब और सना के बीच डेटिंग की खबरें काफी पहले से सामने आ रही थीं। शोएब ने हाल ही में सना को उनके जन्मदिन पर विश भी किया था। शोएब ने लिखा था- हैप्पी बर्थडे बडी! इसके साथ ही पाकिस्तानी क्रिकेटर ने सना के साथ अपनी एक तस्वीर भी शेयर की थी। इस बीच सना ने इंस्टाग्राम पर अपना नाम बदलकर सना शोएब मलिक कर लिया है।

शोएब और सानिया की शादी 2010 में हुई थी। दोनों का एक बेटा है, जिसका नाम इजहान मिर्जा मलिक है। शादी के 13 साल बाद दोनों अलग हो गए हैं।

सानिया के पिता इमरान मिर्जा के एक बयान से पूरा मामला साफ हो चुका है। उन्होंने कहा कि सानिया ने शोएब को तलाक दिया है। उन्होंने कहा कि यह ‘खुला’ था। ‘खुला’ के तहत एक मुस्लिम महिला को अपने पति को एकतरफा तलाक देने के अधिकार है।

शोएब ने शनिवार को सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा कर अपनी तीसरी शादी की पुष्टि की। उन्होंने तस्वीर के साथ लिखा, “अलहमदुलिल्लाह, मैंने सना जावेद से शादी कर ली है।”

28 साल की सना पाकिस्तान की मशहूर अभिनेत्रियों में शामिल हैं। उन्होंने 2020 में उमैर जसवाल से निकाह किया था। हालांकि, जल्द ही दोनों अलग हो गए थे।