Site icon Yuva Haryana News

हरियाणा में रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल, यात्रियों को परेशानी

हरियाणा में रोडवेज कर्मचारियों ने बुधवार सुबह चार बजे से लंबित 16 मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठ गए। जिसके चलते राज्य के विभिन्न हिस्सों में परिवहन सेवाएं बाधित हो गई हैं।

सोनीपत में हड़ताल का मिला जुला असर देखने को मिला। कुछ रूटों पर बसें चल रही हैं, जबकि कुछ पर नहीं। सोनीपत बस अड्डे पर हड़ताल पर बैठे रोडवेज कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

गोहाना में हड़ताल का असर अधिक देखने को मिला। गोहाना सब डिपो में रोडवेज कर्मचारियों ने बसों का चक्का जाम रखा। जिससे विभिन्न रूटों पर जाने वाले यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। बसें नहीं चलने से यात्रियों को निजी बसों या वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है।

रोडवेज कर्मचारी यूनियन के सोनीपत डिपो प्रधान मनजीत पहल ने बताया कि हड़ताल के चलते सभी की छुट्टियां रद्द कर दी गई थी। परिवहन समिति की बसें व किलोमीटर स्कीम की बसें तड़के ही विभिन्न रूटों पर निकल गई थी। वहीं कई रूटों पर रोडवेज की बसें भी रवाना हुई हैं।

उन्होंने बताया कि सोनीपत डिपो व गोहाना सब डिपो में करीब 250 कर्मचारी कार्यरत हैं। गोहाना को छोड़ दें तो सोनीपत में करीब 50 कर्मचारी ही हड़ताल में शामिल हुए हैं।

रोडवेज यूनियन के नेताओं का कहना है कि सरकार उनकी लंबित मांगों को पूरा नहीं कर रही। जिसके चलते उन्होंने 24 जनवरी को एकदिवसीय चक्का जाम करने का आह्वान किया था।

हड़ताल के चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरकार से जल्द से जल्द रोडवेज कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने की मांग की जा रही है।

Exit mobile version