Site icon Yuva Haryana News

यमुनानगर में तेंदुए का हमला, किसान गंभीर रूप से घायल

हरियाणा के यमुनानगर जिले के छछरौली के इब्राहिमपुर गांव में रविवार को तेंदुए ने खेतों में किसान और उसके बेटे पर हमला कर दिया। हमले में किसान नवाब (50) गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि उसका बेटा जीशान (25) मामूली रूप से जख्मी हुआ। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने किसान को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, किसान नवाब रविवार सुबह अपने खेत में गेहूं की बिजाई करने के लिए गया था। उसके साथ उसका बेटा जीशान भी था। जब पिता-पुत्र खेत में काम कर रहे थे, तभी तेंदुआ अचानक वहां आ गया। किसान ने तेंदुए को भगाने का प्रयास किया, लेकिन उसने हमला कर दिया। तेंदुए ने अपने पंजों से किसान को बुरी तरह से जख्मी कर दिया। उसका बेटा जब पिता को छुड़ाने आया तो तेंदुआ उसे भी पंजा मारते हुए वहां से भाग गया।

किसान के बेटे ने मोबाइल के माध्यम से तेंदुए द्वारा किए गए हमले की जानकारी अपने परिजनों को दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण हाथों में डंडे लेकर खेतों की तरफ गए। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस व वन्य प्राणी विभाग के अधिकारियों को भी दी। परिजन पिता-पुत्र को उपचार के लिए अस्पताल में लेकर गए। ट्रामा सेंटर से नवाब को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।

वन्य जीव विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को बेहोशी का इंजेक्शन देकर बेहोश किया। तेंदुए को जाल में डाल कर पिंजरे में डाला गया। तेंदुए को मेडिकल जांच करने के बाद उसे कलेसर नेशनल पार्क में छोड़ दिया गया।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने तेंदुओं के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।

Exit mobile version