अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में एक भारतीय छात्र की बेरहमी से हत्या कर दी गई। 25 वर्षीय छात्र विवेक सैनी की हत्या एक बेघर शख्स ने की। आरोपी ने विवेक के सिर पर हथौड़े से 50 बार वार किए।

विवेक एक फूड मार्ट में काम करता था। स्टोर के बाहर एक बेघर शख्स रहता था। विवेक और स्टोर के बाकी कर्मचारियों ने इस बेघर शख्स को रहने के लिए जगह दी थी। वह यहीं रहता था, लेकिन 16 जनवरी को विवेक ने जब उसे जगह खाली करने के लिए कहा तो वो गुस्से में आ गया और उसने विवेक की हत्या कर दी।

पुलिस ने आज इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जॉर्जिया में भारतीय छात्र की हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी का नाम जूलियन फॉकनर है। वह 53 वर्ष का है।

विवेक के साथ फूड मार्ट में काम करने वाले एक कर्मचारी ने पुलिस को बताया कि जूलियन अक्सर स्टोर के बाहर आकर बैठ जाता था। विवेक उसे खाना-पानी देता था। एक बार जूलियन ने कंबल मांगा था, तो विवेक ने उसे जैकेट दे दी थी।

जूनियर का स्टोर के अंदर आना-जाना बढ़ गया था। 16 जनवरी को विवेक ने उसे दूसरी जगह जाने के लिए कहा। उसे धमकी भी दी कि अगर वो नहीं गया तो पुलिस बुलाई जाएगी।

इसके बाद जूलियन ने विवेक पर हमला कर दिया और उसकी हत्या कर दी। विवेक 2 साल पहले पढ़ाई के लिए अमेरिका आया था। उसने हाल ही में मास्टर्स की पढ़ाई पूरी की थी।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने विवेक की मौके पर ही मौत की पुष्टि की। आरोपी के पास से तलाशी के दौरान दो चाकू और एक हथौड़ा भी मिला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

विवेक की हत्या की खबर से उनके परिवार और दोस्तों में शोक की लहर दौड़ गई है। विवेक के पिता ने कहा कि उनका बेटा बहुत अच्छा इंसान था। उसने कभी किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है।