Site icon Yuva Haryana News

हरियाणा की बेटियां फिर से चमकीं, राष्ट्रीय मुक्केबाजी में 20 पदक पक्के

नोएडा में चल रही राष्ट्रीय मुक्केबाजी में हरियाणा की बेटियों ने फिर से अपना दबदबा कायम किया है। 48 में से 20 हरियाणवी मुक्केबाजों ने पदक पक्के कर लिए हैं। मंगलवार को ये मुक्केबाज अपने पदक का रंग बदलने के लिए रिंग में उतरेंगी।

सबसे ज्यादा तीन हरियाणवी मुक्केबाज 48 किलो भार वर्ग में आमने-सामने हैं। इसके अलावा, 50, 54, 57, 60, 63, 81 और 81 प्लस भार वर्ग में भी हरियाणवी मुक्केबाजों ने पदक पक्के किए हैं।

सेना की तीन मुक्केबाज भी सेमीफाइनल में पहुंची हैं, जिनमें से दो हरियाणवी हैं। भिवानी की जैस्मिन लंबोरिया (60 किलो) और साक्षी चौधरी (57 किलो) सेना की तरफ से खेल रही हैं।

हरियाणा बॉक्सिंग टीम के कोच नवीन खोखर ने कहा कि हरियाणा की मुक्केबाजों ने बेहतरीन खेल खेला है। मंगलवार को भी वे पूरी ऊर्जा के साथ रिंग में उतरेंगी और अपने पदकों का रंग बदल कर खेल प्रेमियों की उम्मीदों पर खरा उतरेंगी।

सेना के कोच छोटे लाल यादव ने कहा कि सेना की तीन बेटियां राष्ट्रीय मुक्केबाजी में खेल रही हैं और तीनों ने पदक पक्के किए हैं। यह सेना और देश के लिए गौरव की बात है। ये मुक्केबाज स्वर्ण पदक जीत कर लौटेंगी हमें पूरा भरोसा है।

हरियाणा की बेटियों की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उन्हें बधाई दी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की बेटियां खेल के क्षेत्र में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे प्रदेश को गर्व है।

Exit mobile version