Haryana Weather Update : हरियाणा के लगभग सभी जिलों में ठंड ने दस्तक दे दी है। आज यानी बुधवार को घने कोहरे की चादर छाई रही। मौसम विभाग द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक वीरवार को भी राज्य के सभी शहरों में घना कोहरा पड़ने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने राज्य के 22 जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया है।

वहीं अगले दो दिन 29 और 30 दिसंबर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार रोहतक में आज अधिकतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। ऐसी स्थिति भिवानी में भी देखने को मिली। यहां अधिकतम तापमान 13.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विभाग द्वारा मिली जानकरी के मुताबिक 30 दिसंबर से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे हवा की गति और धीमी पड़ जाएगी। इस पश्चिमी विक्षोभ से पहाड़ों में तो बारिश होगी, मगर पंजाब व हरियाणा में बारिश की बहुत कम संभावना है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ का असर एक जनवरी से खत्म हो जाएगा। जिसके बाद फिर से घना कोहरा पड़ने की संभावना हैं।