Site icon Yuva Haryana News

हरियाणा राजनीति: परिवारवाद पर मोदी का निशाना, कांग्रेस की कमजोरियों पर चोट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 फरवरी को रेवाड़ी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने बिना नाम लिए प्रदेश में विपक्ष की सियासत की धुरी माने जाने वाले हुड्डा परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की हरियाणा के इतिहास में सबसे दयनीय हालत हो रही है।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने से रोड़े अटकाए थे। वन रैंक वन पेंशन के मामले में भी उन्होंने कांग्रेस को झूठा करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड देश की आधे से अधिक आबादी को दशकों तक छोटी-छोटी जरूरतों से दूर रखने और तरसाने का है। सिर्फ एक परिवार के हित को देश और देशवासियों के हित से ऊपर रखने का है। इतिहास के सबसे बड़े घोटाले, आतंकवाद, अलगाववाद को बढ़ावा देने का है।

मोदी ने कहा कि आज पार्टी के पुराने नेता एक-एक कर छोड़कर जा रहे हैं। हालत यह है कि कांग्रेस के पास कार्यकर्ता तक नहीं बचे हैं। जहां उनकी सरकार है वहां शासन भी नहीं संभल रहा है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां वेतन-पेंशन देने में मुश्किल आ रही है। कर्नाटक में विकास में कठिनाई आ रही है।

मोदी ने कहा कि 2014 से पहले रेल के विकास के लिए हरियाणा को हर वर्ष औसत 300 करोड़ रुपये का बजट मिलता था। इस वर्ष रेलवे के लिए करीब 3000 करोड़ का बजट रखा गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हरियाणा के लिए कई विकास परियोजनाएं शुरू की हैं, जिनमें दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और भिवानी-महेंद्रगढ़ रेल लाइन शामिल हैं।

Exit mobile version