Farmers Protest: किसानों के दिल्ली कूच के एलान के बाद हरियाणा का पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में हैं। किसानों को रोकने के लिए राज्य के अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत व सिंघु बार्डर तक 40 लेयर बैरिकेडिंग की गई है। सड़कों में गहरे गड्ढे खोद दिए गए है।
सिंघु बार्डर पर दिल्ली पुलिस समेत अन्य सभी जिलों की सीमाओं में करीब पांच हजार पुलिस कर्मी और दो हजार अर्द्धसैनिक बलों के जवान तैनात कर दिए गए हैं।
30 से ज्यादा सुरक्षा कंपनियां तैनात
शंभू बार्डर पर पुलिस व किसान आमने-सामने हैं। यहां 30 से ज्यादा सुरक्षा कंपनियां तैनात की गई हैं। आंसू गैस के गोलों, वाटर कैनन व रबड़ की गोलियों की पर्याप्त व्यवस्था की है। दो विशेष ड्रोन से किसानों पर नजर रखी जा रही है। करनाल में लोहे, सीमेंट और कंटेनरों की कुल 13 लेयर बैरिकेडिंग की गई है
700 से अधिक पुलिस व अर्द्धसैनिक बल के जवान तैनात
ट्यूकर में पटियाला बार्डर पर भी बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं। कैथल बार्डर पर मंगलवार को किसान नहीं पहुंचे, लेकिन जवान तैनात कर दिए गए हैं। जींद में किसान कम हैं। यहां 700 से अधिक पुलिस व अर्द्धसैनिक बल के जवान तैनात हैं।
CCTV कैमरों से की जा रही निगरानी
चंडीगढ़ से दिल्ली लेन पर अधिक इंतजाम हैं। पुलिस की चार और अर्द्धसैनिक बलों की तीन टुकड़ी तैनात की गई हैं। पुलिस की चार टुकड़ी रिजर्व रखी हैं। कुरुक्षेत्र में मारकंडा पुल पर दोनों ओर अवरोधक लगा दिए गए हैं।
यहां दोनों लेनों पर 16 लेयर बैरिकेड लगाए गए हैं। सड़कों पर लोहे की कील की चादर बिछाई गई है। नाइट विजन सीसीटीवी कैमरों से आसपास के क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है।
कंटीली बाड़ हटाना बड़ी बात नहीं: किसान
किसान गुरदास ने बताया कि पुलिस की तैयारियों का फीडबैक शंभू बार्डर तक पहुंचाएंगे। कंटीली बाड़ और बैरिकेड्स को हटाना बड़ी बात नहीं। कंक्रीट की कितनी भी दीवार बना लें, सब छोटी पड़ जाएंगी। वहीं इंटरनेट और एसएमएस सेवा बंद होने के कारण करीब तीन हजार कामन सर्विस सेंटर बंद होने के कगार पर पहुंच गए हैं।
सिरसा में हरियाणा पुलिस ने पंजाब की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर गहरे गड्ढे खोद दिए हैं। टीकरी, झाड़ौदा व बहादुरगढ़ में 15 कंपनियां तैनात हैं। रोहतक के आठ किमी में दो मोर्चे लगाए गए हैं। हरियाणा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष एवं कुरुक्षेत्र से सांसद नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा-पंजाब की सीमा पर बैठे लोग किसान नहीं हैं। कोई किसान वहां नहीं खड़ा है। कांग्रेस किसानों को गुमराह कर रही है।
हरियाणा सरकार के सख्त निर्देश
पंजाब के किसान संगठनों के दिल्ली कूच को लेकर हरियाणा सरकार अलर्ट है। विधानसभा सत्र के दौरान ही गृह मंत्री अनिल विज ने डीजीपी शत्रुजीत कपूर और गृह सचिव टीवीएसएन प्रसाद से बैठक की।
विज ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को पुलिस की तैयारियों की जानकारी दी। सरकार ने सख्त निर्देश दिए हैं कि किसानों को किसी भी स्थिति में हरियाणा की सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया जाए।