दिल्ली कूच के लिए निकले किसानों का आज पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर छठा दिन है। आज चंडीगढ़ में केंद्रीय मंत्रियों और किसान नेताओं के बीच चौथे दौर की बातचीत होगी। इससे पहले तीन मीटिंग बेनतीजा रहीं थी। इस मीटिंग में कोई फैसला न हुआ तो किसानों ने दिल्ली कूच करने का ऐलान किया है।

जानकरी के मुताबिक पंजाब के किसानों के समर्थन में हरियाणा के किसान भी आ गए हैं। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी ग्रुप) ने दोपहर में कुरुक्षेत्र में किसान-खाप पंचायत बुलाई है।

यहां से हरियाणा में आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया जाएगा। बीते दिन शनिवार को किसान नेता सरवण पंधेर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार चाहे तो अध्यादेश लाकर फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की गारंटी दे सकती है।

किसानों को MSP पर कमेटी बनाने का दिया प्रस्ताव

बता दें कि दिल्ली कूच से पहले किसान संगठनों को मनाने के लिए 8 फरवरी को चंडीगढ़ में 3 केंद्रीय मंत्रियों अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल और नित्यानंद राय से मीटिंग हुई। दूसरी मीटिंग 12 फरवरी को हुई। 15 फरवरी को चंडीगढ़ में किसान नेताओं की 3 केंद्रीय मंत्रियों के साथ तीसरे दौर की मीटिंग हुई।

मीटिंग में पंजाब के सीएम भगवंत मान भी मौजूद थे। यहां केंद्र ने किसानों को MSP पर कमेटी बनाने का प्रस्ताव दिया। उनकी दूसरी मांगों पर भी समाधान के रास्ते बताए। जिसके बाद आज फिर मीटिंग है।

इंटरनेट पाबंदी का समय बढ़ाया

आपको बता दें कि किसान आंदोलन को देखते हुए हरियाणा के 7 जिलों अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा में 19 फरवरी की रात 12 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद रहेगी। हरियाणा के होम सेक्रेटरी की ओर से यह आदेश जारी किया गया है।