Site icon Yuva Haryana News

हरियाणा में कोहरे का कहर जारी, 9 डिग्री गिरा पारा

हरियाणा में कोहरे का कहर जारी है। मौसम विभाग ने 31 दिसंबर को भी प्रदेश के 15 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, जींद, भिवानी और चरखी दादरी शामिल हैं।

शीत लहर और धुंध के कारण प्रदेश में दिन के अधिकतम तापमान में 9.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश के अधिकतर जिलों में रात से ही घना कोहरा छाया हुआ है। आज धूंध भी बारिश की बूंदों की तरह टपक रही है।

मौसम वैज्ञानिकों की माने तो अभी कोहरे से राहत मिलने वाली नहीं है। कोहरे और कोल्ड वेव की वजह से सुबह स्कूलों में जाने वाले बच्चों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

आज और कल छाएंगे बादल

मौसम विभाग के विशेषज्ञों का कहना है कि 30 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। इसका असर हरियाणा में भी दिखाई देगा, यहां 30 और 31 दिसंबर को बादल छाने के आसार हैं। इससे सूबे के अधिकांश जिलों में कड़ाके की ठंड का दौर शुरू होगा, जो नए साल तक जारी रहेगा।

24 घंटे के तापमान की बात करें तो रेवाड़ी का न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है, वहीं 9.2 डिग्री की गिरावट के साथ भिवानी का अधिकतम तापमान 11.5 डिग्री दर्ज हुआ है।

कोल्ड वेव के ये होंगे प्रभाव

कोल्ड वेव में हरियाणा में फ्लू जैसी विभिन्न बीमारियों की संभावना बढ़ जाती है, इनमें जुकाम, नाक से खून आना आमतौर पर शुरू हो जाता है। लंबे समय तक ठंड के संपर्क में रहने से समस्या बढ़ जाती है। यदि शरीर में कंपकंपी बढ़ती है तो यह पहला संकेत है कि शरीर की गर्मी कम हो रही है, शीघ्र ही घर में रूककर आराम करना चाहिए।

इसके साथ ही लंबे समय तक ठंड के संपर्क में रहने के कारण त्वचा पीली, कठोर और सुन्न हो जाती है, शरीर के खुले अंगों पर काले छाले दिखाई देने लगते हैं, ऐसे में तुरंत चिकित्सकीय परीक्षण लेना चाहिए।

ठंड से बचने के लिए ये रखें ख्याल

कोल्ड वेब को लेकर मौसम विभाग ने गाइड लाइन जारी की है, जिसमें सलाह दी गई है कि इस समय लोग अपनी स्किन को नियमित रूप से तेल, क्रीम से मॉइस्चराइज करें। विटामिन-सी युक्त फल और सब्जियां खाएं और उनका जूस पिएं। घर से बेवजह जाने से बचें। अपने शरीर को सूखा रखें, गीला होने पर तुरंत कपड़ा बदल लें। जिस चीज से शरीर की गर्मी को नुकसान पहुंचे, उसे तुरंत रोकें।

वॉटरप्रूफ जूते पहनें। शरीर के जिस हिस्से में ठंड लग गई हो उसे धीरे-धीरे गर्म करें। ठंड से बचने बचने के लिए हीटर का उपयोग करते समय वेंटिलेशन बनाए रखें।

हरियाणा के लिए मौसम पूर्वानुमान

Exit mobile version