Yuva Haryana News

करनाल में BJP नेता मनोज वधवा के घर पर ED की रेड

हरियाणा के करनाल में गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भाजपा नेता और मेयर चुनाव के प्रबल दावेदार मनोज वधवा के घर पर छापेमारी की। ED की इस कार्रवाई से पूरे शहर में हड़कंप मच गया।

सूत्रों के मुताबिक, ED की टीम ने सुबह 6 बजे ही मनोज वधवा के घर पर दस्तक दी। टीम द्वारा घर के अंदर दस्तावेजों, रिकॉर्ड और अन्य स्थानों की तलाशी ली जा रही है। मनोज वधवा का यमुनानगर में खनन का कारोबार है।

मेयर चुनावों में मनोज वधवा एक बड़ा चेहरा रहे हैं। उन्होंने पहले भी चुनाव लड़े हैं और अपने प्रतिद्वंदियों को कड़ी टक्कर दी है। वर्ष 2019 में मनोज वधवा ने अपनी पत्नी आशा वधवा को मेयर प्रत्याशी के रूप में उतारा था। वर्ष 2014 में मनोज वधवा ने स्वयं इनेलो की तरफ से मुख्यमंत्री मनोहर लाल के खिलाफ चुनाव लड़ा था। लेकिन अब मनोज वधवा भाजपा में हैं और आने वाले मेयर चुनावों की तैयारी कर रहे हैं।

बीते दिनों मनोज वधवा ने शहर में होर्डिंग लगाकर चुनावी माहौल गर्म कर दिया था। माना जा रहा है कि इन बोर्ड के माध्यम से मनोज वधवा अपने लिए चुनावी पृष्ठभूमि तैयार कर रहे थे और मेयर की टिकट के लिए दावेदारी भी पेश करते नजर आ रहे थे।

ED की इस कार्रवाई से माना जा रहा है कि मनोज वधवा के खिलाफ अवैध खनन से जुड़े धन शोधन के मामले में जांच चल रही है। हालांकि, ED ने अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

Exit mobile version