Site icon Yuva Haryana News

“दंगल गर्ल” सुहानी भटनागर का 19 साल की उम्र में निधन: दवाओं के रिएक्शन से शरीर में पानी भर गया, आमिर खान की टीम ने दी श्रद्धांजलि

बॉलीवुड फिल्म “दंगल” में चाइल्ड आर्टिस्ट रहीं अभिनेत्री सुहानी भटनागर का 19 साल की उम्र में निधन हो गया है। यह खबर उनके प्रशंसकों और फिल्म जगत के लिए एक गहरा सदमा है।

सुहानी फरीदाबाद में रहती थीं और कुछ दिन पहले उनके पैर में फ्रैक्चर हुआ था। फ्रैक्चर के इलाज के लिए वे दवाइयाँ ले रही थीं, जिसके रिएक्शन के कारण उनके शरीर में पानी भर गया। शुक्रवार शाम को उनका निधन हो गया और शनिवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया।

आमिर खान की टीम ने सोशल मीडिया पर सुहानी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, “सुहानी के गुजर जाने की खबर से हम बेहद दुखी हैं। उनकी मां पूजा जी और पूरे परिवार के साथ हमारी संवेदनाएं हैं। सुहानी बेहद टैलेंटेड लड़की थीं, हमेशा टीम प्लेयर बनकर काम करती थीं। उनके बिना दंगल अधूरी रहती। सुहानी आप हमारे दिलों में हमेशा स्टार रहेंगीं।”

सुहानी ने “दंगल” में आमिर खान की छोटी बेटी (जूनियर बबीता फोगाट) का रोल निभाया था। इस फिल्म के अलावा वे कुछ टीवी एड में भी नजर आई थीं। बाद में उन्होंने काम से ब्रेक लेकर पढ़ाई पूरी करने का फैसला किया था।

“दंगल” 2016 में रिलीज हुई थी और यह बॉलीवुड की अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है। इस फिल्म ने ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर लाइफटाइम 2,023 करोड़ रुपए कमाकर इतिहास रचा था। फिल्म में आमिर खान के अलावा फातिमा सना शेख, सान्या मल्होत्रा और जायरा वसीम जैसे कलाकार भी नजर आए थे।

Exit mobile version