Amit Shah On Stock Market: शेयर बाजार में पिछले कुछ दिनों से लगातार गिरावट देखी जा रही है, और सोमवार को बाजार खुलते ही सेंसेक्स 700 अंक और निफ्टी 200 अंक तक फिसल गया। इस गिरावट को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं, खासकर इसके चुनावी संबंधों को लेकर।

देश के गृह मंत्री अमित शाह ने इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी है और कहा है कि शेयर बाजार में हो रही गिरावट को चुनावों से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।

4 जून के बाद बाजार में तेजी

गृह मंत्री अमित शाह ने एक इंटरव्यू के दौरान शेयर बाजार की मौजूदा स्थिति पर बात की और बताया कि 4 जून 2024 के बाद बाजार में तेजी देखने को मिलेगी। 4 जून को चुनावी परिणाम घोषित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पहले भी 16 बार बाजार ने गिरावट का सामना किया है,

इसलिए इसे चुनावों से जोड़ना सही नहीं है। अफवाहों के कारण ऐसा हुआ है और उन्होंने सलाह दी कि 4 जून से पहले निवेशक खरीदारी कर सकते हैं, क्योंकि बाजार में तेजी आने की संभावना है।

सोमवार को बाजार में आई थी भारी गिरावट

सोमवार को शेयर बाजार ने गिरावट के साथ शुरुआत की और शुरुआती दो घंटों में BSE Sensex 700 अंक से ज्यादा फिसलकर 72,000 के नीचे आ गया। NSE Nifty भी 216 अंक तक गिर गया।

चुनाव और बाजार के संबंध:

फिलिपकैपिटल और मिराए एसेट कैपिटल मार्केट्स जैसे वित्तीय संस्थानों ने चुनावों और बाजार के संबंध को लेकर अपने विश्लेषण पेश किए हैं।

फिलिपकैपिटल:

फिलिपकैपिटल के अनुसार, यदि भाजपा (BJP) के नेतृत्व वाला एनडीए 400 से ज्यादा सीटें जीतने में सफल होता है, तो शेयर बाजार में जोरदार तेजी आएगी। वहीं, अगर एनडीए 300-330 सीटें जीतती है और बाजार में गिरावट देखी जाती है, तो इसे खरीदारी के अवसर के रूप में लिया जाएगा।

मिराए एसेट कैपिटल मार्केट्स:

मिराए एसेट कैपिटल मार्केट्स को भी उम्मीद है कि शेयर बाजार में तेजी देखने को मिलेगी। उनके नोट में कहा गया है कि अगर हम 2019 के घोषणापत्र और मोदी सरकार द्वारा पहले 100 दिनों में किए गए कार्यों को जोड़ते हैं, तो हमें बहुत सारे सकारात्मक संकेत मिलते हैं। इसका मतलब है कि सरकार न केवल योजनाएं बना रही है, बल्कि उन पर सक्रियता से काम भी कर रही है।