Site icon Yuva Haryana News

हरियाणा में आप के चेहरों का संकट, 28 जनवरी को जींद में रैली

हरियाणा में आम आदमी पार्टी (AAP) को चेहरों का संकट हो गया है। पिछले एक महीने में पार्टी के तीन बड़े नेता दूसरे दलों में शामिल हो गए हैं। इनमें पूर्व मंत्री निर्मल सिंह और उनकी बेटी चित्रा सरवारा शामिल हैं, जिन्होंने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली है। वहीं चुनाव कैंपेन कमेटी के चेयरमैन अशोक तंवर AAP को छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए हैं।

पार्टी में बड़े नेताओं की कमी के बीच 28 जनवरी को जींद में AAP की एक बड़ी रैली होने जा रही है। इस रैली में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान लोकसभा चुनाव का आगाज करेंगे। इस रैली पर पूरे प्रदेश की निगाहें टिकी हुई हैं।

दिल्ली-पंजाब जैसा चमत्कार की उम्मीद

हरियाणा में AAP को दिल्ली और पंजाब जैसा चमत्कार होने की उम्मीद है। दिल्ली में पार्टी का दूसरा कार्यकाल चल रहा है और पंजाब में पहला कार्यकाल। पार्टी के नेताओं का मानना है कि दोनों राज्यों में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी आदि बुनियादी ढांचे में सुधार हुआ है। इन मुद्दों को लेकर पार्टी लोकसभा के बाद विधानसभा चुनाव में भी उतरेगी।

हरियाणा पर फोकस करने की तीन बड़ी वजह

हरियाणा में AAP के फोकस करने की तीन बड़ी वजह हैं। पहली वजह यह है कि पंजाब और दिल्ली की तरह हरियाणा भी एक छोटा राज्य है। क्षेत्रफल और जनसंख्या के हिसाब से ये तीनों राज्य एक जैसे ही हैं। दूसरी वजह यह है कि हरियाणा दिल्ली और पंजाब से लगता हुआ है। इन दोनों राज्यों में AAP की सरकार है, जिसका फायदा पार्टी हरियाणा में भी देख रही है। तीसरी वजह यह है कि हरियाणा में कांग्रेस और भाजपा के अलावा एक तीसरे विकल्प के रूप में AAP अपनी पहचान बनाना चाहती है।

इन मुद्दों को लेकर दस्तक देगी AAP

सरकारी अस्पतालों में दवाइयां और टेस्ट मुफ्त हैं तथा डॉक्टरों की कोई कमी नहीं है। युवाओं को रोजगार, किसानों को सम्मान और महिलाओं को बराबरी का अधिकार मिलने में दोनों राज्य अव्वल हैं। इन सभी बातों व दावों को आधार बनाकर AAP हरियाणा में भी जींद से बदलाव की शुरुआत करना चाहती है। पार्टी ने हर वार्ड और गांव से कम से कम 10 व्यक्तियों को बदलाव रैली में लाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

जींद से रैली करने की वजह

AAP जींद से रैली इसलिए कर रही है क्योंकि बदली राजनीतिक परिस्थितियों में अब पार्टी के पास सिर्फ धरातल पर काम करने वाले नेता और कार्यकर्ता रह गए हैं। इस रैली की सफलता का पूरा दारोमदार AAP हरियाणा के अध्यक्ष डा. सुशील गुप्ता तथा वरिष्ठ उप प्रधान अनुराग ढांडा के कंधों पर टिका है।

केजरीवाल का हरियाणा में चौथा दौरा

प्रदेश में अरविंद केजरीवाल जितनी बार भी आए हैं, हर बार उनके साथ भगवंत मान मौजूद रहे हैं। जींद से पहले पंचकूला, भिवानी और रोहतक में अरविंद केजरीवाल व भगवंत मान अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाने के लिए तीन बार आ चुके हैं। इस बार केजरीवाल और मान की जोड़ी बदलाव रैली को संबोधित करने जींद पहुंच रही है।

Exit mobile version