HBSC Result 2024: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने 10वीं व 12वीं की परीक्षा के रिजल्ट को लेकर एक बड़ा अपडेट जारी किया है। जानकारी के अनुसार रिजल्ट लोकसभा चुनाव के मतदान से पहले 15 या 16 मई को घोषित कर दिए जाएंगे।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डा. वीपी यादव ने बताया कि 10वीं व 12वीं कक्षा की मार्किंग का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। जिसके चलते 15 या 16 मई से पहले हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि अबकी बार 10वीं कक्षा का परिणाम अब तक के परिणामों के औसत से 25 से 30 प्रतिशत तक अधिक आने की संभावना है। क्योंकि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने 10वीं कक्षा के मूल्यांकन प्रणाली में सीबीएसई के पैटर्न को अपनाया है। जिसके चलते ये परिणाम बढ़े है।

उन्होंने बताया कि बीते 5 वर्षो में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड का 10वीं कक्षा का परिणाम औसतन 60 से 65 प्रतिशत रहा है। जिसके 25 से 30 प्रतिशत बढऩे पर परिणाम 90 प्रतिशत से अधिक चला जाएगा।

भिवानी में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन वीपी यादव ने कहा कि अबकी बार वार्षिक परीक्षाओं में नकल के मात्र 814 केस दर्ज किए गए। जबकि पहले के वर्षो में पांच हजार की संख्या तक केस दर्ज किए जाते रहे है।

इसके लिए उन्होंने छात्रों व अध्यापकों द्वारा अच्छी मेहनत किए जाना व बोर्ड द्वारा क्यूआर कोड तकनीक अपनाया जाना बताया।